
खापरखेडा: क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां अतिक्रमण के चलते संकरी हुई सड़क पर तेज रफ्तार कार ने चार वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार रात करीब 8 बजे अण्णामोड–चणकापुर मार्ग पर हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एमएच 40 डीई 5257 नंबर की तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले उसने एक चारपहिया वाहन को टक्कर मारी, इसके बाद लगातार तीन दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल दो युवकों में से एक का पैर टूट गया है, जबकि दूसरे को आंख के पास गंभीर चोट आई है। दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था। साथ ही सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण मार्ग बेहद संकरा हो गया है, जिससे इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं। घटना के बाद आक्रोशित नागरिकों ने चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर मामला दर्ज किया और आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति भी बनी रही।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया जाए और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।








