Published On : Thu, Aug 27th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नंदनवन में गैंगवार: कुख्यात बदमाश अक्षय वंजारी की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नंदनवन में गैंगवार: कुख्यात बदमाश अक्षय वंजारी की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

नागपुर: शहर के नंदनवन थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम गैंगवार की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कुख्यात बदमाश अक्षय वंजारी की बार के बाहर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर चाकू व लोहे के हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अक्षय की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

बार से बाहर आते ही किया हमला

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब सात बजे अक्षय वंजारी अपने दोस्तों के साथ सोमरस बार में बैठा था। इसी दौरान पत्नी का फोन आने पर वह बार से बाहर आया। आरोप है कि बाहर आते ही वंदना लांजेवार ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद प्रदीप आखरे, प्रशांत आखरे, सूरज लांजेवार और अन्य आरोपियों ने अक्षय के साथ मारपीट शुरू कर दी।

Advertisement

हमले के बाद अक्षय किसी तरह वापस बार के ऊपर पहुंचा और अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके दोस्त भी नीचे आए। आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप आखरे ने लोहे के हथियार से अक्षय पर हमला किया, जबकि प्रशांत आखरे और सूरज लांजेवार ने चाकू से वार किए। अन्य आरोपियों ने भी अक्षय के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।

बचाने आए युवक पर भी हमला

अक्षय को बचाने के लिए अश्विन रहांगडाले ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला करने का प्रयास किया। हमले में गंभीर रूप से घायल अक्षय को अश्विन बाइक से अस्पताल लेकर गया। यहां इलाज के दौरान बुधवार को अक्षय की मौत हो गई।

मुखबिरी के शक में हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे मुखबिरी का शक सामने आया है। कुछ दिन पहले सूरज लांजेवार के भाई आकाश को चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि आकाश की गिरफ्तारी के पीछे अश्विन द्वारा पुलिस को जानकारी देने का सूरज को शक था।

इसी विवाद के चलते अक्षय को हत्या की धमकी दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस अब हत्या के पीछे के पूरे विवाद और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

पुलिस ने हत्या के मामले में सूरज लांजेवार, वंदना लांजेवार, प्रशांत आखरे और हार्दिक पालनकर को गिरफ्तार किया है। वहीं प्रदीप आखरे समेत तीन आरोपी अभी फरार हैं। नंदनवन पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

मृतक पर पहले से कई आपराधिक मामले

बताया जा रहा है कि मृतक अक्षय वंजारी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके खिलाफ मकोका के तहत भी कार्रवाई हो चुकी थी। नंदनवन में हुई इस हत्या ने नागपुर में बढ़ती गैंगवार की घटनाओं को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.