
नागपुर: नंदनवन थाना क्षेत्र के हसनबाग फ्लाईओवर के नीचे गुरुवार देर रात कथित फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। रात करीब 12:30 बजे डीएल मोटर्स के सामने कार सवार 3 से 4 लोग पहुंचे। आरोप है कि इनमें से एक व्यक्ति ने हवा में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवारों के पहुंचने के कुछ देर बाद कथित तौर पर एक युवक ने हवा में फायरिंग की। आवाज सुनकर लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर मौके से निकल चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही नंदनवन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस को संदिग्ध कार के संबंध में कुछ सुराग मिलने की जानकारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की घटना में महाल क्षेत्र के एक कथित अपराधी की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फायरिंग के पीछे का कारण क्या था और घटना में कौन-कौन शामिल था, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल नंदनवन पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की तलाश कर रही है।



