नागपुर: भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का नागपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, जिस पत्नी ने पति के साथ सात फेरे लिए थे, उसी ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची और सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया। इस मामले में पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, भांडेवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास अपराधी गणेश उर्फ गुरुदेव बोरकर की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। गणेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और चोरी सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। जांच में सामने आया कि वह शराब का आदी था और अपनी पत्नी मनीषा बोरकर के साथ अक्सर मारपीट करता था।
पूछताछ में मनीषा ने पुलिस को बताया कि उसका पति लगातार उसे प्रताड़ित करता था और घर लौटने के लिए दबाव बनाता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गणेश उसकी दोनों बेटियों पर गलत नजर रखता था। पुलिस का दावा है कि इन परिस्थितियों के चलते करीब डेढ़ महीने पहले एक पारिवारिक समारोह में हुए विवाद के बाद हत्या की साजिश रची गई।
जांच के अनुसार, मनीषा ने अपने पति की हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी तय की थी और आरोपियों को 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे। वारदात वाली रात आरोपियों ने पहले गणेश की रेकी की और मौका मिलते ही धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मनीषा बोरकर और अभिजीत उर्फ ददू साखरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए विशेष टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस फिलहाल पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।




