Published On : Tue, Nov 3rd, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर के कचरा प्लांट में दर्दनाक हादसा, ट्रॉमल मशीन में फंसकर 28 वर्षीय मजदूर की मौत!

वाठोडा के SUSBDE कंपनी प्लांट में मशीन की सफाई के दौरान फिसला पैर; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
Advertisement

नागपुर के कचरा प्लांट में दर्दनाक हादसा, ट्रॉमल मशीन में फंसकर 28 वर्षीय मजदूर की मौत!

नागपुर: शहर के डंपिंग यार्ड में कचरा सेग्रीगेशन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। वाठोडा के बिडगांव रोड स्थित SUSBDE कंपनी के सेग्रीगेशन प्लांट में ट्रॉमल मशीन की सफाई करते समय मजदूर का पैर फिसल गया और वह मशीन में फंस गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्लांट परिसर में तनाव का माहौल बन गया। इस हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मशीन की सफाई करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सलमान अयुब खान, निवासी अंतुजी नगर, भांडेवाड़ी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे सलमान अपने साथी मजदूर अक्षय बेलकर के साथ सेग्रीगेशन प्लांट में लगी ट्रॉमल मशीन पर कचरे की सफाई करने के लिए चढ़ा था।

इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह मशीन में फंस गया। हादसे में सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद प्लांट में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

भवानी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कंपनी की ओर से सलमान को उसके परिजनों के साथ तत्काल पारडी स्थित भवानी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

घटना वाठोडा पुलिस थाना क्षेत्र की होने के कारण शव को वापस वाठोडा लाया गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया।

परिजनों ने जताई नाराजगी, मुआवजे का आश्वासन
मजदूर की मौत की खबर फैलते ही प्लांट परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और वहां मौजूद अन्य लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई। स्थिति को देखते हुए कंपनी के अधिकारियों ने परिजनों और मौजूद लोगों से चर्चा की तथा उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया।

मजदूरों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
गौरतलब है कि नागपुर महानगरपालिका (NMC) की ओर से कचरा सेग्रीगेशन का काम SUSBDE कंपनी को सौंपा गया है। ऐसे में प्लांट में हुई इस घटना ने मशीनों पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और निर्धारित सेफ्टी प्रोटोकॉल के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मशीन की सफाई के दौरान क्या उसे पूरी तरह बंद किया गया था? क्या मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे? क्या काम के दौरान जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।

वाठोडा पुलिस कर रही जांच
फिलहाल वाठोडा पुलिस ने मृतक के पिता अयुब खान की शिकायत के आधार पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारणों और प्लांट में सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है।

जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि मशीन की सफाई के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं और हादसे के लिए किसी की लापरवाही जिम्मेदार थी या नहीं।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.