
नागपुर: शहर में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कलमना पुलिस थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 32 वर्षीय शादीशुदा युवक ने घर में अकेली मौजूद किशोरी को निशाना बनाया। आरोपी पीछे के दरवाजे से घर में घुसा, किशोरी का गला पकड़कर उसे बेडरूम में ले गया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीछे के दरवाजे से घर में घुसा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 1 नवंबर की है। वारदात के समय किशोरी अपने घर में अकेली थी और हॉल में बैठकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसी बस्ती में रहने वाला आरोपी गजानन मेश्राम घर के पिछले हिस्से से अंदर घुस आया।
आरोप है कि आरोपी ने किशोरी का गला पकड़कर उसे जबरन बेडरूम में ले गया। इसके बाद किशोरी को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस में शिकायत
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिछले दरवाजे से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर कलमना पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
32 वर्षीय शादीशुदा आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलमना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 32 वर्षीय आरोपी गजानन मेश्राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है। मामले में पॉक्सो एक्ट और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।



