नागपुर: कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों में DJ को लेकर लिए गए फैसलों के विरोध में नागपुर में एक बार फिर विरोध के स्वर तेज होने वाले हैं। भारत सेवा संघटना की ओर से तैयार किया गया विशाल बडग्या शुक्रवार को पारडी क्षेत्र से निकाला जाएगा और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए इतवारी पहुंचेगा।
आयोजकों के मुताबिक, इस बडग्या के जरिए सनातन और हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। आयोजन में “प्यारे तेरे प्यार में, हिंदू वोटर लुट गए बाजार में” जैसे नारे भी लगाए जाने की तैयारी है।
कांवड़ यात्रा और DJ के फैसलों पर नाराजगी
भारत सेवा संघटना का आरोप है कि धार्मिक आयोजनों को लेकर लगातार लगाए जा रहे प्रतिबंधों और नियमों से हिंदू समाज में नाराजगी है। खास तौर पर कांवड़ यात्रा और DJ को लेकर लिए गए फैसलों को लेकर संगठन विरोध जता रहा है।
आयोजकों का कहना है कि इसी नाराजगी को प्रतीकात्मक रूप देने के लिए विशाल बडग्या तैयार किया गया है। इसे लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पारडी से इतवारी तक जाएगा बडग्या
बडग्या की शुरुआत पारडी क्षेत्र से होगी, जिसके बाद यह नागपुर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए इतवारी क्षेत्र पहुंचेगा। आयोजन के जरिए अपनी मांगों और नाराजगी को सार्वजनिक तौर पर सामने रखने की तैयारी है।
अब सवाल यह है कि कल सड़कों पर उतरने वाला यह बडग्या महज विरोध का प्रतीक बनकर रह जाएगा या नागपुर की सियासत में भी इसकी गूंज सुनाई देगी? शुक्रवार को होने वाले इस आयोजन पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की भी नजर रहेगी।




