Published On : Mon, Oct 12th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

Nagpur Vehicle Theft: जेल से छूटते ही फिर चोरी, 2 गिरफ्तार

Advertisement

Auto Draft

नागपुर: शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए यशोधरा नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹2.45 लाख बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान हुसैन रशीद हुसैन और शेख सुल्तान शेख यासीन के रूप में हुई है।

एक महीने पहले ही जेल से छूटा था इमरान

पुलिस के मुताबिक, इमरान हुसैन करीब एक महीने पहले ही वाहन चोरी के एक मामले में जेल से बाहर आया था। आरोप है कि जेल से छूटने के बाद उसने अपने साथी के साथ मिलकर दोबारा वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस को संदेह है कि आरोपी चोरी के वाहनों के नंबर बदलकर उन्हें ठिकाने लगाते थे।

सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई जांच

Advertisement

मामले की शुरुआत 7 अक्टूबर को हुई, जब कलमना निवासी फैजान खान की मोपेड ऑटोमोटिव चौक के पास एक पानठेले के समीप से चोरी हो गई। शिकायत मिलने के बाद यशोधरा नगर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

ताजबाग परिसर में पुलिस ने दबोचा

जांच के दौरान पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी ताजबाग परिसर में चोरी का वाहन ठिकाने लगाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया।

तीन थाना क्षेत्रों की वाहन चोरी का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सक्करदरा, यशोधरा नगर और नंदनवन थाना क्षेत्रों में चार दोपहिया वाहन चोरी करने की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने चारों वाहन जब्त कर लिए हैं।

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने शहर के अन्य इलाकों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। इस संबंध में आगे की जांच जारी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.