
गुरुवार को नागपुर महानगरपालिका की आमसभा आयोजित की गई थी। आमसभा शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, लेकिन इसमें कथित तौर पर केवल दो कड़ियां ही गाई गईं। इससे मनपा प्रशासन की तैयारी और व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पूरे ‘वंदे मातरम्’ के गायन के निर्देश
सभी सरकारी और आधिकारिक कार्यक्रमों में संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ के गायन के निर्देश दिए जाने के बावजूद नागपुर मनपा की आमसभा में इसका पालन नहीं होने का आरोप है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब स्पष्ट निर्देश मौजूद हैं, तो मनपा प्रशासन की ओर से उनका पालन क्यों नहीं कराया गया।
कांग्रेस पर हमले के बीच भाजपा शासित मनपा में मामला
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में सोनिया गांधी द्वारा ‘वंदे मातरम्’ की कुछ कड़ियां ही गाए जाने को लेकर सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखी आलोचना की थी।
अब भाजपा शासित नागपुर महानगरपालिका की आमसभा में भी ‘वंदे मातरम्’ की केवल दो कड़ियां गाए जाने की बात सामने आने के बाद राजनीतिक सवाल उठने लगे हैं।
विपक्ष के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में यह चर्चा शुरू हो गई है कि जिस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा गया, उसी मामले में भाजपा शासित नागपुर मनपा के प्रशासन से चूक कैसे हुई?
फिलहाल, आमसभा में संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का गायन क्यों नहीं हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है, इसे लेकर मनपा प्रशासन की ओर से स्पष्टीकरण का इंतजार है।




