
नागपुर: तड़ीपार होने के बावजूद नागपुर में बेखौफ रह रहे एक बदमाश को क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने वाठोड़ा थाना क्षेत्र के आजाद नगर में किराए का मकान ले रखा था। पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापा मारकर गांजा, तलवार और अन्य सामग्री बरामद की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय शुभम उर्फ लिंबू लिंबूडकर निवासी विजयनगर, पाख्खीडे लेआउट, हिंगना रोड के रूप में हुई है। आरोपी एमआईडीसी पुलिस थाने में दर्ज एक गंभीर अपराध में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत तड़ीपारी की कार्रवाई भी की गई थी।
क्राइम ब्रांच यूनिट-1 को गुप्त सूचना मिली थी कि एमआईडीसी थाने के एक मामले में फरार तड़ीपार आरोपी वाठोड़ा थाना क्षेत्र के आजाद नगर में किराए के मकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक प्रशांत ठवरे के मार्गदर्शन में टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। तलाशी के दौरान शुभम लिंबूडकर वहां मौजूद मिला।
आरोपी के घर की तलाशी लेने पर पुलिस को 217 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 10,850 रुपये बताई गई है। इसके अलावा प्लास्टिक रैपर का एक पैकेट, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, एक तलवार और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
आरोपी एमआईडीसी थाने में दर्ज मारपीट, दंगा, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मामले में फरार था। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को बरामद सामग्री के साथ हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए वाठोड़ा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।



