
नागपुर: नागपुर के नंदनवन थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर ने खुद को इलाके का ‘दादा’ बताते हुए पहले विवाद किया और फिर चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की शाम पुराना बगड़गंज कुंभार टोली निवासी 21 वर्षीय शेख वसीम शेख रुस्तम अपने दोस्त अल्ताफ अहमद शेख के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान रोहन उर्फ ऐडा रंगारी अपने साथी आकाश लांजेवार के साथ वहां पहुंचा।
आरोप है कि रोहन ने खुद को इलाके का दादा बताते हुए रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर उसने चाकू से वसीम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी वसीम का एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और ₹2,000 नकद छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल वसीम को उसके दोस्त की मदद से सरकारी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी रोहन उर्फ ऐडा रंगारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी आकाश लांजेवार की तलाश में जुटी हुई है।




