Published On : Tue, Nov 24th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

भूसे में मिले 3.28 करोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

झूम कार ऐप से व्यापारी के घर की रेकी, कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर SUV समेत नकदी लेकर हुए थे फरार; दो आरोपी गिरफ्तार, छह फरार, 46 लाख रुपये अब भी गायब
Advertisement

भूसे के ढेर में छिपा था 3.28 करोड़ का खजाना! नागपुर की 3.74 करोड़ की लूट का बालाघाट में पर्दाफाश

नागपुर: शहर के शांतिनगर थाना क्षेत्र में हुई 3 करोड़ 74 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का नागपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट में पर्दाफाश किया है। लूट की रकम ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। बालाघाट के डोरली माल गांव में एक खेत के अंदर भूसे के ढेर के नीचे तीन बोरियों में करोड़ों रुपये छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने छापेमारी कर इन बोरियों से 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह अन्य की तलाश जारी है। लूटी गई रकम में से 46 लाख रुपये अब भी गायब हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की देर रात नागपुर के तुलसीनगर इलाके में अनाज और फाइनेंस कारोबार से जुड़े व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को निशाना बनाया गया था। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना तैयार की थी। शुभम डहरवाल, अजय यादव और रितेश मरस्कोल्हे ने झूम कार ऐप के जरिए कार बुक की और इसी कार से व्यापारी के घर की रेकी की। कई दिनों तक घर और कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद आरोपियों ने लूट को अंजाम दिया।

वारदात के दौरान आरोपियों ने कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और 3 करोड़ 74 लाख रुपये की नकदी से भरी SUV लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपियों ने बालाघाट रेलवे स्टेशन पर कार पार्क कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी किया।

इधर, नागपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस की जांच मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंची। जांच में डोरली माल गांव स्थित दिनेश डहरवाल के खेत का सुराग मिला। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों ने करीब चार दिन पहले तीन बोरियों में नकदी भरकर भूसे के ढेर के नीचे छिपा दी थी।

Advertisement

इसके बाद पुलिस टीम ने खेत में तलाशी अभियान चलाया। भूसे के ढेर को हटाने पर वहां छिपाकर रखी गई तीन बोरियां मिलीं। इनकी जांच करने पर पुलिस को 3 करोड़ 28 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। इस बरामदगी के साथ ही लूटकांड की एक बड़ी कड़ी पुलिस के हाथ लग गई।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे लूटकांड में कुल आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया है। वहीं शुभम डहरवाल, अजय यादव, विशाल सोनगडे और रितेश मरस्कोल्हे समेत अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इसके अलावा गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के जगदीशनगर निवासी जुनघरे और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

गौरतलब है कि इस वारदात में कुल 3 करोड़ 74 लाख रुपये लूटे गए थे। पुलिस ने अब तक 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष 46 लाख रुपये का कोई सुराग नहीं मिला है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी रकम की बरामदगी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें तलाश अभियान चला रही हैं। साथ ही लूट की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.