
नागपुर: शहर के शांतिनगर इलाके में बीमारी का इलाज कराने के नाम पर 73 वर्षीय बुजुर्ग से ₹3.50 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने हरिद्वार के डॉक्टर से इलाज कराने का झांसा देकर बुजुर्ग का भरोसा जीता और उपचार के नाम पर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामले की जांच में जुटी नागपुर क्राइम ब्रांच की यूनिट-3 ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात के करीब दो घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसका दूसरा साथी फिलहाल फरार है। पुलिस ने नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन समेत कुल ₹4.50 लाख का माल जब्त किया है।
बीमारी का फायदा उठाकर बुजुर्ग को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, शांतिनगर निवासी 73 वर्षीय गोपाल निमजे मधुमेह से पीड़ित हैं। उनके दोनों पैरों में सूजन रहती है। इसी परेशानी का फायदा उठाकर दो आरोपियों ने उन्हें ठगी का शिकार बनाया।
26 अक्टूबर को रानी दुर्गावती चौक पर आरोपियों ने बुजुर्ग से संपर्क किया। उनमें से एक ने अपना नाम अरुण बताया और दावा किया कि उसके पिता भी इसी तरह की बीमारी से पीड़ित थे। उसने कहा कि हरिद्वार के एक डॉक्टर से इलाज कराने के बाद उसके पिता ठीक हो गए थे।
आरोपियों ने इस तरह बुजुर्ग का विश्वास जीता और उनका पता व मोबाइल नंबर ले लिया।
इलाज के नाम पर मांगे ₹3.50 लाख
अगली सुबह आरोपियों में से एक ने बुजुर्ग को फोन किया और खुद को डॉक्टर बताकर उनके घर पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने पैरों का उपचार करने का नाटक किया। उन्होंने दावा किया कि पैरों में जमा पस निकालने के लिए 100 यूनिट की जरूरत होगी और प्रत्येक यूनिट के लिए ₹3,500 देने होंगे।
इस तरह आरोपियों ने कुल ₹3.50 लाख की मांग की। बुजुर्ग ने घर में रखी नकदी उन्हें दे दी। पैसे लेने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
मोबाइल बंद मिलने पर हुआ ठगी का एहसास
उपचार से कोई फायदा नहीं हुआ और आरोपियों के मोबाइल नंबर भी बंद मिलने लगे। इसके बाद गोपाल निमजे को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने शांतिनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के बूंदी गांव निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद बबलु मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने 45 वर्षीय साथी मोहम्मद सलाम नुरुद्दीन के साथ मिलकर ठगी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन सहित कुल ₹4.50 लाख का माल जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए शांतिनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश जारी है।



