
नागपुर: ईद-ए-मिलाद के साथ आगामी रक्षाबंधन, दहीहांडी और गणेशोत्सव को देखते हुए नागपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस परिमंडल क्रमांक-4 के सक्करदरा और अजनी विभाग में संयुक्त दंगा नियंत्रण योजना की पूर्व रिहर्सल की गई। इसके बाद संवेदनशील इलाकों में रूट मार्च निकालकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
नागपुर पुलिस आयुक्त के आदेश और पुलिस उपायुक्त परिमंडल-4 रश्मिता के मार्गदर्शन में दंगा नियंत्रण योजना की पूर्व रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारी और जवान लाठी, हेलमेट, ढाल, गैसगन समेत दंगा नियंत्रण के लिए जरूरी उपकरणों से लैस नजर आए।
रिहर्सल के बाद सक्करदरा और नंदनवन थाना क्षेत्र में रूट मार्च निकाला गया। ताजबाग दरगाह परिसर से शुरू हुआ रूट मार्च यासीन प्लॉट, शहंशाह चौक, आजाद कॉलोनी, छोटी मस्जिद, पंचवटी आश्रम और बुलंद गेट होते हुए बड़े ताजबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
इस पूरी कार्रवाई में एक पुलिस उपायुक्त, दो सहायक पुलिस आयुक्त, छह वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, 12 पुलिस उपनिरीक्षक, 80 महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी और 30 होमगार्ड समेत कुल 131 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और होमगार्ड शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, इस अभ्यास का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों को परखना है।



