
नागपुर: कलमना पुलिस ने घरफोड़ चोरी की एक वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने चोरी किए गए करीब ₹93 हजार मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, मिनीमाता नगर निवासी निर्मला संतलाल पाल अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ स्थित पैतृक गांव गई हुई थीं। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर परिवार नागपुर लौटा, तब चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद कलमना थाने में मामला दर्ज कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलमना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान धर्मनगर निवासी अश्वीन मिश्रा (19) और भांडेवाड़ी निवासी हिमांशु मोरे (19) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए जेवर एक सराफा व्यापारी को बेच दिए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यापारी के पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, लटकन, चांदी की पायल, बिछिया समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत लगभग ₹93 हजार बताई गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काळे, अपराध शाखा प्रभारी करीम खान पठान और उनकी टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
CCTV बना ‘गेम चेंजर’
इस पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज जांच की सबसे अहम कड़ी साबित हुई। कैमरों में कैद गतिविधियों और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस सीधे आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया गया। कलमना पुलिस की इस मुस्तैदी की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।







