
नागपुर: पाचपावली थाना क्षेत्र में सामाजिक सुरक्षा पथक ने हुक्का पार्लर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हुक्का पॉट, हुक्का फ्लेवर और हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री समेत करीब 31 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की रेड
जानकारी के मुताबिक, बीती रात सामाजिक सुरक्षा पथक को पाचपावली थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर, टेका नाका में हुक्का पार्लर संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्री मंगल डेयरी के सामने स्थित प्लॉट नंबर 2 पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मौके पर कुछ लोगों को ग्राहकों को तंबाकूजन्य हुक्का उपलब्ध कराने और हुक्का पीने की सुविधा देने का आरोप है।
हुक्का पॉट और फ्लेवर जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्का पॉट, विभिन्न हुक्का फ्लेवर और हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में पुलिस ने शाहरुख खान, शेख अरमान और मोहम्मद समीर अंसारी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। गिरफ्तार आरोपियों और जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए पाचपावली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।




