
नागपुर: नागपुर शहर में प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की AHTU और SSB टीम ने अंबाझरी पुलिस थाना क्षेत्र के शंकर नगर चौक स्थित विजय अपार्टमेंट में छापा मारकर 53 चक्रियां प्रतिबंधित नायलॉन मांजा जब्त किया। जब्त माल की कीमत ₹1.59 लाख बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर फ्लैट में छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विजय अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 303 में प्रतिबंधित नायलॉन मांजा बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से रखा गया है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने पंचों और पुलिस स्टाफ की मदद से जाल बिछाया और फ्लैट पर छापा मारा।
53 चक्रियां नायलॉन मांजा बरामद
कार्रवाई के दौरान फ्लैट से 19 वर्षीय अधीशराज वीरेंद्र झा को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर वहां से शासन द्वारा प्रतिबंधित मोनो काइट नायलॉन मांजे की 53 चक्रियां बरामद हुईं। पुलिस ने कुल ₹1.59 लाख का माल जब्त किया।
आगे की जांच अंबाझरी पुलिस के हवाले
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच के लिए आरोपी को अंबाझरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले में प्रतिबंधित मांजे की खरीद और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



