3664627322-bigstock-online-digital-gambling-casino-205727590-supersize.webp
नागपुर – वाड़ी थाना क्षेत्र में खुलेआम चल रहे मटका और सट्टा-जुआ अड्डे पर पुलिस के विशेष दस्ते ने छापा मारकर बुकी समेत 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39 हजार 560 रुपए नकद सहित कुल 60 हजार 340 रुपए का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे विशेष दस्ते के प्रभारी सहायक निरीक्षक भगवान कोली पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मराठा सावजी भोजनालय के पास स्थित एक गोदाम के समीप मुश्ताक इश्ताक अहमद नामक व्यक्ति लोगों से रुपए लेकर सट्टा-पट्टी और मटका जुआ चला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ अड्डे पर छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने मौके से बुकी मुश्ताक इश्ताक अहमद (38), निवासी साबले ले-आउट, वाड़ी, गौतम ढोके (51), निवासी आंबेडकर नगर, वसंत गोरेवार (70), निवासी शाहू ले-आउट, दत्तवाड़ी और सतीश मेहरे (22), निवासी टेकड़ी, वाड़ी समेत कुल 19 लोगों को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने मौके से 39,560 रुपए नकद तथा सट्टा-मटका जुए से संबंधित अन्य सामग्री जब्त की। जब्त माल की कुल कीमत 60,340 रुपए बताई गई है।
इस मामले में वाड़ी पुलिस थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
यह कार्रवाई विशेष दस्ते के प्रभारी सहायक निरीक्षक भगवान कोली, उपनिरीक्षक सतीश मेश्राम तथा उनकी टीम ने की।



