
नागपुर: जरीपटका थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक 67 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर उसके पड़ोसी ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। आरोपी पहले पैसे लेने के बहाने महिला के घर पहुंचा और फिर जबरदस्ती वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी सिद्धार्थ तायडे एक ही बस्ती में रहते हैं। महिला ने अपने घर के बाथरूम के निर्माण कार्य के लिए आरोपी से ई-रिक्शा के माध्यम से निर्माण सामग्री मंगवाई थी। आरोपी सामान पहुंचाकर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद पैसे लेने के बहाने दोबारा घर पहुंचा।
शिकायत में बताया गया है कि उस समय महिला घर में अकेली थीं और खाना खा रही थीं। जैसे ही वह पैसे देने के लिए उठीं, आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ जबरदस्ती की और उनकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता ने जरीपटका थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी हुई है।




