
नागपुर: शहर के इतवारी सराफा बाजार में कथित लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पिछले पांच दिनों में 8 से 10 सराफा व्यापारियों को डाक के जरिए धमकी भरे पत्र भेजकर प्रत्येक से 10 लाख रुपये की मांग की गई है।
रकम नहीं देने और पुलिस को इसकी जानकारी देने पर व्यापारियों के साथ उनके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना से सराफा बाजार में हड़कंप मच गया है। व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
डाक से भेजे धमकी भरे पत्र, दुकानों के सामने विशेष नारा लिखने का निर्देश
जानकारी के मुताबिक, पिछले पांच दिनों से इतवारी सराफा बाजार के व्यापारियों को डाक के जरिए धमकी भरे पत्र मिल रहे हैं। पत्र भेजने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए प्रत्येक व्यापारी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। पत्रों में रकम नहीं देने या पुलिस को इसकी जानकारी देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की चेतावनी दी गई है।
इतना ही नहीं, पत्रों में फिरौती देने के लिए सहमति जताने के उद्देश्य से दुकानों के सामने एक विशेष नारा लिखने का निर्देश भी दिया गया है। धमकी मिलने के बाद व्यापारियों ने इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी।
गृह राज्य मंत्री ने लिया संज्ञान, तहसील थाने में मामला दर्ज
इस मामले को लेकर राज्य सरकार ने भी गंभीरता दिखाई है। गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) पंकज भोयर ने बताया कि सरकार ने धमकी भरे पत्रों का संज्ञान लिया है। पुलिस को तत्काल जांच कर आरोपियों का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में तहसील पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बाइट – पंकज भोयर
गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण)
सराफा व्यापारियों के साथ पुलिस की बैठक, सुरक्षा बढ़ाने का भरोसा
सोमवार को सराफा एसोसिएशन की ओर से इतवारी परिसर में अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें सराफा व्यापारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और बाजार में अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त की मांग की।
पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। दिवाली के मद्देनजर पूरे सराफा परिसर में चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखने और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने का आश्वासन दिया गया।
प्रतापनगर के व्यापारी को भी मिला था ऐसा ही पत्र
जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई है। करीब 15 दिन पहले प्रतापनगर के एक सराफा व्यापारी को मिठाई के डिब्बे में इसी तरह का धमकी भरा पत्र मिला था। बताया जा रहा है कि उस पत्र की लिखावट इतवारी के व्यापारियों को मिले पत्रों से मिलती-जुलती है।
ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि एक ही व्यक्ति अलग-अलग पोस्ट ऑफिस से ये पत्र भेज रहा है। पुलिस अब पत्रों की लिखावट और उन्हें भेजने के तरीके सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बाइट – राजकुमार भुजाड़े



