
नागपुर: एमआईडीसी थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। हिंगणा रोड स्थित राजीव नगर बस स्टॉप के पास एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने फुटपाथ पर सो रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय मुकेश कनसरे, निवासी बालाघाट, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुकेश पिछले करीब एक साल से नागपुर में रहकर काम कर रहा था और अपना गुजर-बसर करता था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर सड़क किनारे फुटपाथ पर सोता था।
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की रात हिंगणा रोड स्थित राजीव नगर बस स्टॉप के पास रॉयल होटल के नजदीक मुकेश फुटपाथ पर सो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।




