कलमेश्वर के गंगाजी डरेली में ग्रामीण पुलिस की ANC टीम की कार्रवाई; 40,210 रुपये का माल जब्त, तस्करी रैकेट से कनेक्शन की जांच
नागपुर, 31 अक्टूबर। नागपुर ग्रामीण पुलिस ने कलमेश्वर तहसील के गंगाजी डरेली इलाके में गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए खेत के केयरटेकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के 9 पौधे, एक चिलम और मोबाइल फोन सहित कुल 40,210 रुपये का सामान जब्त किया है।
CA की जमीन पर उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे
पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) के एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) को सूचना मिली थी कि नागपुर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) नितेश सखलेजा के खेत में गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गंगाजी डरेली स्थित खेत में छापा मारा।
तलाशी के दौरान पुलिस को गांजे के 9 पौधे मिले, जिनका कुल वजन 1.358 किलोग्राम बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत 27,120 रुपये आंकी गई। इसके अलावा मौके से एक चिलम और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
दो साल से खेत में रह रहा था केयरटेकर
इस मामले में पुलिस ने खेत में केयरटेकर के रूप में रह रहे बबलू बुद्ध साहू (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से खेत में रह रहा था।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8(सी) और 20(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में गांजे की खेती किस उद्देश्य से की जा रही थी और इसके पीछे किसी बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई SSP डॉ. हर्ष ए. पोद्दार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के के मार्गदर्शन में की गई। लोकल क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में ANC टीम ने छापा मारा। कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम माहेकर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



