
नागपुर: गणेशपेठ थाना क्षेत्र में शराब के नशे में दादी से मारपीट करने वाले बड़े भाई को ढूंढने निकले 28 वर्षीय युवक की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस हमले में युवक के दो दोस्त भी घायल हुए हैं, जिनका मेयो अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के भाई मयूर शेट्टे को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
भाई को समझाने निकला था अक्षय
मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी पुतला निवासी अक्षय प्रकाश शेट्टे के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अक्षय का बड़ा भाई मयूर शेट्टे शराब के नशे में अक्सर घर आकर अपनी दादी से मारपीट करता था। इसी वजह से अक्षय अपने दोस्तों आकाश पटले और अंकित चव्हाण के साथ मयूर को समझाने और तलाशने के लिए निकला था।
हालांकि, उन्हें मयूर नहीं मिला। इसी दौरान मयूर के तीन दोस्तों के साथ उनकी हाथापाई हो गई। इसके बाद अक्षय और उसके दोनों दोस्त अशोक चौक से शिवाजी पुतला मार्ग की ओर पहुंचे।
मोपेड से मारी जोरदार टक्कर
पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक मोरघडे होम्योपैथी क्लीनिक के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से मोपेड पर आए रितेश उर्फ सोनू डेंगे, अमोल उर्फ भुऱ्या खुरसोड और अर्पित बुधे ने उनकी दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आरोपियों ने तीनों युवकों पर हमला कर दिया। आकाश और अंकित के साथ मारपीट की गई, जबकि अक्षय पर धारदार हथियारों से कई वार किए गए। हमले में अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया।
मेयो अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर हालत में अक्षय को उसके दोनों साथियों के साथ मेयो अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, रविवार सुबह इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अक्षय को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके घायल दोस्तों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही गणेशपेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज करते हुए मृतक के भाई मयूर शेट्टे को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं रितेश डेंगे, अमोल खुरसोड और अर्पित बुधे की तलाश जारी है। पुलिस घटना के पीछे के पूरे विवाद और हत्या में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।




