
नागपुर: शहर में हुई चार घरफोड़ियों के मामलों का क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। जांच में भांडेवाड़ी, कपिलनगर और कलमना थाना क्षेत्र में हुई कुल चार चोरी की वारदातों का पता चला है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ₹4,57,380 का चोरी का माल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की रात भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र के सोनबाजी नगर में एक घर का ताला और कुंडी तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। शिकायत के बाद भांडेवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मामले की समानांतर जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-5 कर रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मयुर नागदेवे, निलम अंसारी और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमोल चाफेकर और गोविंद साखरे के नाम सामने आए। आरोप है कि दोनों ने भांडेवाड़ी क्षेत्र में दो, कपिलनगर में एक और कलमना थाना क्षेत्र में एक, कुल चार घरफोड़ियों को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, चोरी का सामान बिक्री के लिए हिरासत में लिए गए आरोपियों को दिए जाने की जानकारी सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल ₹4,57,380 का मुद्देमाल बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थानों के हवाले किया गया है। वहीं, मामले में फरार बताए जा रहे दो आरोपियों की तलाश जारी है।




