Published On : Wed, Aug 5th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से रची साजिश: 16 वर्षीय किशोरी का डेढ़ साल तक यौन शोषण

नागपुर पुलिस ने किया रेस्क्यू |डीसीपी रश्मिता राव ने किया सनसनीखेज खुलासा, बोलीं— सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती पड़ सकती है भारी
Advertisement

नागपुर: सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर एक 16 वर्षीय किशोरी को प्रेमजाल में फंसाने, उसकी निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने और करीब डेढ़ साल तक उसका कथित यौन शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के दिघोरी स्थित एक किराये के कमरे का दरवाजा तोड़कर किशोरी को सुरक्षित मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले का खुलासा बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोन-4 की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रश्मिता राव ने किया। उन्होंने बताया कि समय पर की गई तकनीकी जांच और पुलिस की तत्परता से नाबालिग को सुरक्षित बचा लिया गया।

Gold Rate
Sept 17,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 51,500 /-
Gold 22 KT ₹ 1,40,500 /-
Silver/Kg ₹ 2,29,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

ठाणे का बीबीए छात्र गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में ठाणे निवासी निर्भय माधव पाखरे (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीबीए का छात्र है। उसकी मां डॉक्टर और पिता सामाजिक कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। वहीं पीड़िता 12वीं कक्षा की छात्रा है और उसके पिता पड़ोसी जिले में उच्च पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement

सहेली से मिलने की बात कहकर निकली थी किशोरी

डीसीपी रश्मिता राव के अनुसार, रविवार सुबह किशोरी सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब एक बजे हुड़केश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, दरवाजा तोड़कर किया रेस्क्यू

पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सोशल मीडिया गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन दिघोरी स्थित एक किराये के कमरे में मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला।

कमरे का नजारा देखकर पुलिस भी रह गई सन्न

डीसीपी ने बताया कि कमरे के भीतर किशोरी डरी-सहमी अवस्था में मिली। उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह करीब 18 घंटे से कमरे में बंधक थी। कमरे में एक चाकू पड़ा था और आरोपी के हाथ में चमड़े की बेल्ट थी। महिला पुलिस अधिकारियों ने तुरंत पीड़िता को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से शुरू हुआ ब्लैकमेल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पिछले वर्ष ‘आकाश मेहरा’ नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर किशोरी से संपर्क किया था। पहले दोस्ती कर उसका विश्वास जीता, फिर निजी तस्वीरें हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसी धमकी का फायदा उठाकर आरोपी कथित रूप से लंबे समय तक उसका यौन शोषण करता रहा।

अन्य पीड़ितों की भी होगी जांच

पुलिस के अनुसार आरोपी जब भी नागपुर आता था, वह होटल या किराये के कमरे में किशोरी को बुलाता था। विरोध करने पर निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। अब पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसने इसी तरह अन्य किशोरियों को भी फर्जी पहचान के जरिए अपना शिकार तो नहीं बनाया।

दो दिन की पुलिस रिमांड

डीसीपी रश्मिता राव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद पुलिस ने विस्तृत जांच और डिजिटल साक्ष्य जुटाने के लिए रिमांड मांगी, जिस पर न्यायालय ने आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस की अपील

डीसीपी रश्मिता राव ने अभिभावकों और युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से मित्रता करने से पहले पूरी सतर्कता बरतें। किसी भी परिस्थिति में निजी फोटो, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेल करता है या धमकी देता है तो डरने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस पीड़ित की पहचान गोपनीय रखते हुए तत्काल कार्रवाई करती है।

उन्होंने कहा कि यह मामला सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान, ऑनलाइन ब्लैकमेल और साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे का गंभीर उदाहरण है। समय रहते पुलिस को सूचना देना ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.