
नागपुर: कामठी के कलमना रोड स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल और डॉक्टर को सोशल मीडिया पर बदनाम करने वाला वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने दो लाख रुपये की मांग की। डॉक्टर की शिकायत पर नवीन कामठी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। हालांकि, अदालत में सुनवाई के बाद आरोपी को जमानत मिल गई। कोर्ट ने पुलिस को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, सिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. तन्जीम आजमी की शिकायत पर गुलाम नजर शेख मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी 18 जून को पेट दर्द और शौच में परेशानी की शिकायत लेकर अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचा था। आयुष्मान कार्ड नहीं होने के बावजूद डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। जांच, सीटी स्कैन और जरूरी उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया।
इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित कर अस्पताल पर प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 17 दिन भर्ती न होने के बावजूद 40 हजार रुपये का बिल बनाने का आरोप लगाया। वीडियो की चर्चा होने के बाद डॉक्टर और आरोपी के बीच बातचीत हुई। इसके बाद दोनों के बीच हुई गलतफहमी दूर होने का वीडियो भी सामने आया।
हालांकि, शिकायत के मुताबिक बाद में आरोपी ने अस्पताल और डॉक्टर के खिलाफ दोबारा आरोप लगाते हुए वीडियो प्रसारित किए। डॉक्टर का आरोप है कि 21 अगस्त की रात सोशल मीडिया पर बदनाम करने वाला वीडियो मिलने के बाद उन्होंने आरोपी से संपर्क किया। देर रात आरोपी कुछ लोगों के साथ अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने उसे उपचार से जुड़ी पूरी जानकारी दी, जिसके बाद आरोपी ने अपने आरोप गलत होने की बात स्वीकार करते हुए एक वीडियो भी बनाया।
डॉक्टर के मुताबिक, 22 अगस्त को आरोपी दोबारा अस्पताल पहुंचा और सोशल मीडिया पर अस्पताल व डॉक्टर को बदनाम करने वाला वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए दो लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के आधार पर नवीन कामठी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर आरोपी के परिवार की ओर से उसे जबरन ले जाकर अपहरण करने का दावा करने वाली एक रील सामने आने की भी जानकारी सामने आई है।
फिलहाल अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी है और पुलिस को पूरे प्रकरण की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच जारी है।
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY
ASTRO BUZZ | Weekly Talk – Episode 3 | 23–29 August Predictions
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY
चीनी की महंगाई पर अनोखा आंदोलन! पेट्रोल पंप पर बांटी चीनी #SugarPrice...
चीनी की जमाखोरी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! #sugarprices #SugarHoarding #MaharashtraNews #newsupdate




