
नागपुर: नशे की लत, ऑनलाइन सट्टे का जुनून और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल जीने की चाहत ने दो युवकों को चोरी के रास्ते पर धकेल दिया। गर्लफ्रेंड के साथ घूमने-फिरने और महंगे शौक पूरे करने के लिए दोनों ने नागपुर शहर के बजाय आउटर इलाकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। शहर के CCTV कैमरों से बचने के लिए उन्होंने बूटीबोरी परिसर में एक के बाद एक छह चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। आखिरकार क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6 लाख 71 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
दो साल पहले हुई थी पहचान, फिर शुरू किया चोरी का सिलसिला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय तन्मय गणवीर, निवासी बहादुरा फाटा, उमरेड रोड और हर्षल चणेकर, निवासी भिवापुर के रूप में हुई है। तन्मय इवेंट से जुड़ा काम करता है, जबकि हर्षल बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है और नागपुर में किराए से रहता है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की पहचान करीब दो साल पहले हुई थी। इसके बाद उन्होंने हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में मिलकर चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना में ज्यादा माल हाथ नहीं लगा, लेकिन पुलिस की गिरफ्त से बच निकलने के कारण दोनों का हौसला बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने चोरी के लिए शहर के आउटर इलाकों को चुनना शुरू कर दिया।
CCTV कैमरों से बचने के लिए बूटीबोरी को बनाया निशाना
नागपुर शहर में जगह-जगह लगे CCTV कैमरों से बचने के लिए आरोपियों ने बूटीबोरी परिसर को अपना निशाना बनाया। यहां उन्होंने एक के बाद एक छह चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। लगातार चोरियां करने के बावजूद वे पुलिस की पकड़ से दूर थे।
आखिरकार तन्मय बजाज नगर परिसर में बिना नंबर प्लेट वाली दोपहिया गाड़ी पर घूमते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की तो चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी हर्षल के साथ बूटीबोरी में छह चोरियां करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने हर्षल को भी गिरफ्तार कर लिया।
एमडी ड्रग्स, ऑनलाइन सट्टे और गर्लफ्रेंड पर खर्च करते थे पैसे
पुलिस के मुताबिक, चोरी के पीछे दोनों युवकों के महंगे शौक और हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल की चाहत थी। तन्मय को एमडी ड्रग्स के सेवन और ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत थी, जबकि हर्षल भी हाईप्रोफाइल जीवनशैली का शौकीन था।
दोनों की गर्लफ्रेंड थीं और उन्हें अलग-अलग जगह घूमने-फिरने का शौक था। परिवार की आर्थिक स्थिति से अपने खर्च और शौक पूरे करना मुश्किल होने के कारण दोनों ने आसानी से पैसे कमाने के लिए चोरी का रास्ता अपना लिया।
छह चोरियों में 6.71 लाख का माल बरामद
क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6 लाख 71 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को बूटीबोरी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।



