
नागपुर: भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रहे क्रिकेट मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने के आरोप में नागपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र के न्यू सूरज नगर, रिंग रोड इलाके में की गई।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल की एस्कॉर्ट टीम को सूचना मिली थी कि बंटी शेरु अहमद पठाण अपने घर से क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन हार-जीत का सट्टा खिला रहा है। सूचना के आधार पर एस्कॉर्ट पथक प्रमुख API भगवान कोळी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में घर पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को बंटी पठाण के साथ विक्की अनिल बनसोड भी मिला। पुलिस का दावा है कि दोनों मोबाइल फोन के जरिए क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन में शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 मोबाइल फोन, एक सैमसंग टैब और ₹17,500 नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए मुद्देमाल की कुल कीमत करीब ₹1.05 लाख है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भांडेवाड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की जांच कर रही है।



