Published On : Tue, Jul 7th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

कैफे संचालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर मारपीट का लगाया आरोप

निष्पक्ष जांच की मांग
Advertisement

नागपुर: वानाडोंगरी स्थित पायल कैफे के संचालक मनीष गिरी ने ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी मनीष भोसले पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सोमवार को आयोजित पत्रकार परिषद में उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज की फॉरेंसिक जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मनीष गिरी के अनुसार, 13 जून को कैफे के सामने सूचना बोर्ड लगाने को लेकर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी के साथ विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मी ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस कथित हमले में उनके दोनों कानों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें चिकित्सकीय उपचार लेना पड़ा।

गिरी ने बताया कि घटना के संबंध में एमआईडीसी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।

पत्रकार परिषद में उन्होंने मांग की कि घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। उनका कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होकर की जानी चाहिए।

Advertisement

इसके अलावा मनीष गिरी ने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की अपील की।

फिलहाल यह आरोप कैफे संचालक द्वारा लगाए गए हैं। मामले में संबंधित ट्रैफिक पुलिसकर्मी या पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.