Published On : Thu, Oct 29th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर में 4 रुपये के विवाद में टिकट मशीन छीनने वाला गिरफ्तार

Advertisement

Auto Draft

नागपुर: नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में महज चार रुपये के बकाया को लेकर हुए विवाद में एक युवक महिला बस कंडक्टर के हाथ से टिकट निकालने की मशीन छीनकर फरार हो गया। मामले में नागपुर क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 20 वर्षीय प्रेम उर्फ दादू पाटिल, निवासी भिवसनखोरी, चिंतामण नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से करीब ₹10 हजार कीमत की टिकट मशीन बरामद की है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गिट्टीखदान पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

चार रुपये के बकाया को लेकर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की दोपहर काटोल रोड स्थित आदिवासी नर्मदा कॉलोनी बस स्टॉप पर हुई थी। 27 वर्षीय स्नेहा खिरडकर ‘आपली बस’ में कंडक्टर के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय बस क्रमांक MH-40-DC-0464 ब्राह्मणी फाटा से सीताबर्डी की ओर जा रही थी।

इसी दौरान नवीन काटोल नाका जाने के लिए एक युवक बस में सवार हुआ। उसने टिकट के लिए ₹20 दिए। कंडक्टर ने उसे ₹16 का टिकट दिया, लेकिन चार रुपये खुले नहीं होने के कारण बाद में लौटाने की बात कही। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर युवक नाराज हो गया।

Advertisement

बस स्टॉप पर मशीन छीनकर फरार

नर्मदा कॉलोनी बस स्टॉप पर यात्रियों को उतारने के लिए जैसे ही महिला कंडक्टर ने बस का दरवाजा खोला, युवक उनके हाथ से टिकट निकालने की मशीन छीनकर नीचे उतरा और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद महिला कंडक्टर ने गिट्टीखदान पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान

मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने छीनी गई टिकट मशीन भी बरामद कर ली है।

फिलहाल आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गिट्टीखदान पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की आगे की जांच गिट्टीखदान पुलिस कर रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.