नागपुर: जन्मदिन मनाने निकले तीन दोस्तों के लिए खुशी का मौका कुछ ही देर में मातम में बदल गया। कलमना थाना क्षेत्र के पावनगांव-भरतवाड़ा वाई-पॉइंट मार्ग पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिग दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उनका तीसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक मिहीर आनंद बेहार, भौमिक अमोल लारोकर और सागर संजय मेलवाणी तीनों दोस्त एक मित्र का जन्मदिन मनाने के लिए एकत्र हुए थे। अन्य दोस्तों के आने में समय लग रहा था, इसलिए मिहीर अपने पिता की कार लेकर भौमिक और सागर के साथ घूमने निकल गया।
बताया जा रहा है कि पावनगांव-भरतवाड़ा मार्ग पर मिहीर का तेज रफ्तार कार से नियंत्रण खो गया। इसी दौरान कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में भौमिक लारोकर और सागर मेलवाणी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक मिहीर बेहार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल तारांगण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।





