
नागपुर: हल्दी समारोह में दी गई गालियों की रंजिश इतनी बढ़ गई कि पांच हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी कार से युवक के घर पहुंचे, उसे बाहर बुलाया और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। इसके बाद कार की डिक्की से डंडा निकालकर उसके सिर पर एक के बाद एक कई वार किए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पांचों आरोपी फरार हो गए।
मामला नागपुर के बेलतरोड़ी पुलिस थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्लॉट की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करने वाले 39 वर्षीय पवन उर्फ मिहीर मिश्रा का कुछ दिन पहले शुभम उर्फ गोलू महल्ले के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि हल्दी समारोह में गाली-गलौज को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
फोन पर पहचान की पुष्टि कर किया हमला
इसी रंजिश के चलते बीती रात शुभम अपने चार साथियों के साथ कार से पवन के घर पहुंचा। आरोपियों ने पवन को घर के बाहर बुलाया और आते ही उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान मुख्य आरोपी शुभम ने अपने साथी मयूर सुर्वे को फोन कर पूछा कि क्या यही वह व्यक्ति है, जिसने हल्दी समारोह में उसे गालियां दी थीं? पहचान की पुष्टि होने के बाद आरोपियों ने पवन पर हमला और तेज कर दिया।
डिक्की से डंडा निकालकर सिर पर किए कई वार
आरोप है कि शुभम ने कार की डिक्की खोलकर उसमें से डंडा निकाला और पवन के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। अन्य आरोपियों ने भी उसके सिर, चेहरे और पीठ पर लात-घूंसों से हमला किया। हमलावरों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी।
गंभीर रूप से घायल पवन को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।



