
नागपुर: गणेश विसर्जन बंदोबस्त की ड्यूटी पूरी कर घर लौटे नागपुर पुलिस के 56 वर्षीय सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) रविंद्र महादेवराव कोकांडे का अचानक निधन हो गया। सीने में तकलीफ के बाद उन्हें कई अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से नागपुर पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
रविंद्र कोकांडे नागपुर शहर पुलिस मुख्यालय में कार्यरत थे और गणेश विसर्जन बंदोबस्त के लिए पांचपावली थाना क्षेत्र में तैनात किए गए थे। 27 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद वे कपिलनगर स्थित अपने घर पहुंचे। खाना खाने के बाद वे सो गए।
करीब 3:30 बजे अचानक उनके सीने में तकलीफ हुई। उन्होंने इसकी जानकारी अपने बेटे ऋषभ को दी। परिजन उन्हें तत्काल टेका नाका स्थित होप हॉस्पिटल ले गए। इसके बाद उन्हें प्लाटिना हॉस्पिटल, धंतोली और फिर मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान करीब 11:27 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रविंद्र कोकांडे के निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने उन्हें मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में याद किया।
कपिलनगर पुलिस ने चिकित्सकीय सूचना के आधार पर अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
रविंद्र कोकांडे के परिवार में पत्नी शीला कोकांडे और दो बेटे ऋषभ व रोहित हैं। नागपुर शहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। शासकीय इतमाम के साथ बंदूकों की सलामी देकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। कपिलनगर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।




