नागपुर: शहर में एक बार फिर अन्ना गैंग सक्रिय हो गई है। पॉश सीताबर्डी इलाके में गैंग ने महज पांच मिनट के अंतराल में दो कारों के कांच फोड़कर लैपटॉप बैग और अन्य कीमती सामान चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। दोनों वारदातें सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
पहली घटना धीरन कन्या महाविद्यालय के सामने हुई। आराधना नगर, दिघोरी निवासी भूषण दुधे कंपनी की मीटिंग के लिए यहां आए थे। उन्होंने अपनी कार पार्क की थी। इसी दौरान आरोपियों ने कार का कांच तोड़कर लैपटॉप बैग चोरी कर लिया। बैग में करीब ₹80 हजार नकद, उनकी बेटी का जाति प्रमाणपत्र, पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।
पहली वारदात के महज पांच मिनट बाद आरोपियों ने वैरायटी चौक स्थित बाटा शोरूम के सामने खड़ी एक स्विफ्ट कार को निशाना बनाया। जयंती नगरी, मनीष नगर निवासी निजी कंपनी के मैनेजर विपिन शर्मा की कार का भी कांच तोड़कर आरोपी लैपटॉप बैग लेकर फरार हो गए।
दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं। फुटेज में संदिग्ध कारों के आसपास घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं और मौका मिलते ही कांच फोड़कर चोरी कर फरार हो जाते हैं।
पुलिस का मानना है कि यह वही अन्ना गैंग है, जो इससे पहले भी नागपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई कार ब्रेक-इन और चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुकी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लगातार हो रही इन वारदातों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईटेक पुलिसिंग के बावजूद अन्ना गैंग का पुलिस की पकड़ से बाहर रहना जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।







