
नागपुर टुडे – नागपुर ग्रामीण पुलिस की NDPS टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केळवद थाना क्षेत्र के तेलंगखेडी गांव में गांजा तस्करी का मामला उजागर किया है। पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर गांजा बरामद किया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर खेत में तलाशी ली गई, जहां गांजे के दो पौधे उगाए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने कुल 8.140 किलोग्राम गांजा और अन्य सामग्री सहित 2 लाख 6 हजार 130 रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को नागपुर ग्रामीण पुलिस की NDPS टीम केळवद थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि तेलंगखेडी गांव निवासी बंडू कृष्णाजी क्षीरसागर (64) अपने घर में गांजा जमा करके उसकी बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर की तलाशी ली। इस दौरान वहां गांजा बरामद हुआ। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपने खेत में भी गांजे के पौधे लगाने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने खेत में पहुंचकर जांच की तो वहां गांजे के दो पौधे मिले।
8.140 किलो गांजा और अन्य सामग्री जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 8.140 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसमें घर से बरामद 5.088 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 1 लाख 27 हजार 200 रुपये बताई गई है, जबकि खेत से मिले गांजे के दो पौधों का वजन 3.052 किलोग्राम और कीमत 76 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा पुलिस ने एक लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन (2,500 रुपये), एक चिलम (50 रुपये) तथा गांजा रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही प्लास्टिक की थैलियां भी जब्त की हैं।
जब्त किए गए गांजे और अन्य सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 6 हजार 130 रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सागर खर्डे तथा स्थानीय अपराध शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के मार्गदर्शन में की गई।
NDPS टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक पुरुषोत्तम मोहेकर, पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण भिमटे, पुलिस हवलदार प्रवीण देव्हारे, अमोल नागरे, प्रकाश ठोके, अनिल करडखेले और अविनाश तोडसाम शामिल थे।
इसके अलावा केळवद पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक आशिष सिंह ठाकुर, पुलिस उपनिरीक्षक अरुण राठोड, शिवाजी कदम, सहायक फौजदार संदीप नागरे तथा पुलिस कर्मचारी नितेश परखड ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
जब्त माल और संबंधित दस्तावेज आगे की जांच के लिए केळवद पुलिस थाने के सुपुर्द किए गए हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।



