Published On : Fri, Mar 17th, 2017

मंत्री रविदास मेहरोत्रा ने खाली किया सरकारी आवास, दरवाजे पर लगा ‘मोदी लॉक’

Advertisement


लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में चुनावी हार के साथ ही अखिलेश सरकार के मंत्रियों ने सचिवालय में अपने कमरे खाली करने शुरू कर दिए हैं, वहीं सरकारी आवास खाली करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जब मंत्री रविदास मेहरोत्रा ने अपना सरकारी घर खाली किया तो दरवाजे पर लगा ताला इलाके में चर्चा का विषय बन गया। दरअसल, दरवाजे की कुंडी पर लगाए गए ताले पर लिखा था ‘मोदी मैजिक’। ताले के इस ब्रैंड को लोगों ने मजाकिया अंदाज में यूपी में एसपी की चुनावी हार और यूपी की जनता पर पीएम मोदी के जादू से जोड़ दिया।

समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रहे मेहरोत्रा लखनऊ मध्य सीट से चुनाव हार गए थे। नई बीजेपी सरकार के शपथग्रहण से पहले ही उन्होंने अपना सरकारी आवास खाली कर दिया। घर खाली होने के बाद दरवाजे पर लगाए गए ताले पर जब लोगों की नजर गई तो वह मजाक का विषय बन गया। तस्वीर में देखने से पता चलता है कि यह ताला अलीगढ़ में बना है। ताले पर लिखा है- मोदी मैजिक, डबल लॉकिंग। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि यहां ‘मोदी मैजिक ताले’ का लगना महज संयोग है या फिर किसी ने जानबूझकर इस ब्रांड का ताला यहां लगाया है?

दूसरी तरफ सचिवालय में मंत्रियों के कमरे भी गुरुवार से ही खाली होने शुरू हो गए। गुरुवार को दिन भर यह सिलसिला चलता रहा। 11 मार्च को यूपी विधान सभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सचिवालय जब सोमवार को खुला तो ज्यादातर मंत्रियों के दफ्तर बंद ही रहे, पर गुरुवार को स्थिति ठीक उलट थी। मंत्रियों-राज्यमंत्रियों के निजी स्टाफ ने कमरे खोले। कमरों के बाहर लगी मंत्रियों की नेमप्लेट हटवाईं और उनके कार्यालयों में बाहर से आया सामान वापस करना शुरू किया।

मंत्रियों के विभागों में ज्यादातर सामान निदेशालय से ही आने की परंपरा रही है। कुर्सी-मेज के अलावा प्रिंटर और फोटो कॉपी मशीन तक निदेशालय से ही आते हैं। सरकार बदलने या मंत्री बदलने पर इन्हें निदेशालय को वापस कर दिया जाता है और मंत्री की मांग पर दोबारा इन्हें उनके कार्यालयों में लाया जाता है।

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.