
नागपुर टुडे : नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसासनी इलाके में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते चार अज्ञात बदमाशों ने एक परिवार के घर को निशाना बनाते हुए आगजनी और तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसासनी वार्ड क्रमांक-6 में ग्राम पंचायत के पीछे रहने वाले दत्तात्रेय शिवाजी गायकवाड के घर पर देर रात करीब 2 बजे चार अज्ञात हमलावर पहुंचे। आरोपियों ने पहले घर के बाहर आग लगा दी, जिससे बिजली का मीटर और बाहर खड़े दो दुपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।
इसके बाद बदमाशों ने ईंट-पत्थरों से घर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। हमले में घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हमले से परिवार के सदस्य घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए घर के बाथरूम में छिप गए।
परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीट मार्शल की टीम मौके पर पहुंची और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो चुके थे।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया या नहीं।
एमआईडीसी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद इलाके के नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
FDA पर ज्वाला धोटे का बड़ा आरोप! “होटल वालों से होती है...
नागपुर में NCP का तिरंगा मोर्चा! #NagpurNews #NCP#TirangaMorcha #maharashtranews
मुंबई में किसान आंदोलन! ‘वर्षा’ की नीलामी की मांग #Mumbai #Protest #MaharashtraNews...
12 करोड़ का फायर सिस्टम फिर भी बंद! #WardhaNews #WardhaHospital #FireSafety #MaharashtraNews
अमित ठाकरे बोले- सेल्फी नहीं, अपनी समस्या बताओ! #NagpurNews #MNS #StudentIssues #MaharashtraNews
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY




