Published On : Wed, Mar 1st, 2017

Video: महापौर, उपमहापौर, स्थाई समिति अध्यक्ष और नेता सत्ता पक्ष का चयन

Advertisement


नागपुर: ऐतिहासिक जीत के साथ नागपुर मनपा में तीसरी बार सत्ता में काबिज़ होने जा रही बीजेपी ने बुधवार को शहर के अगले महापौर के नाम का ऐलान कर दिया। मनपा की कार्यकारणी में बीजेपी ने संगठन को तरज़ीह दी है। शहर की अगली महापौर नंदा जिचकार होंगी जो वर्त्तमान में शहर भाजपा की महिला इकाई की अध्यक्ष भी है। नागपुर टुडे ने 24 फ़रवरी को नंदा जिचकार को बीजेपी द्वारा महापौर बनाये जाने की ख़बर प्रकाशित की थी, आज जब उनके नाम का ऐलान हो चुका है तो इस ख़बर पर अब मुहर गयी है। महापौर पद के अलावा उपमहापौर पद पर हलबा समाज से आने वाले दीपराज पार्डीकर बैठेंगे। दीपराज का नाम अब तक चर्चा में नहीं था लेकिन माना जा रहा है कि हलबा समाज की पार्टी से नाराज़गी को देखते हुए उन्हें ये जिम्मेदारी दी गयी है। बीते दिनों मनपा चुनाव प्रचार के दौरान हलबा समाज ने अपनी प्रलंबित माँगो को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी के सामने सार्वजनिक नाराज़गी भी व्यक्त की थी।

मनपा की तिज़ोरी की ज़िम्मेदारी संदीप जाधव को दी गयी है। पूर्व उपमहापौर जाधव शहर कार्यकारणी में महामंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। मनपा की राजनीति में नेता सत्ता पक्ष के पद का बीजेपी के नजरिये से ख़ास महत्त्व होता है। इस पद की जिम्मेदारी पार्टी ने पूर्व स्थाई समिति अध्यक्ष संदीप जोशी को सौंपी है। जोशी मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के करीबी हैं और संगठन में बतौर महामंत्री प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मनपा के इन सभी चारों पदों की नियुक्ति में संगठन को दी गयी तरजीह और मुख्यमंत्री के दखल को साफ़ तौर पर देखा जा सकता है।

चारों पदों की नियुक्ति का अधिकार शहर की कार्यकारणी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को सौप दिया था। इन दोनों नेताओं की ओर से नाम सामने आने के बाद बुधवार को मनपा सत्तापक्ष कार्यालय में चुनकर आए नगरसेवकों की बैठक ली गयी इसमें इनके नाम घोषित किए गए। पार्टी की तरफ़ से चुनाव के निरिक्षण की जिम्मेदारी सँभालने वाले विधायक प्राध्यापक अनिल सोले के मुताबिक पार्टी के दोनों प्रमुख निर्देश के बाद महापौर,उपमहापौर,स्थाई समिति अध्यक्ष और नेता सत्ता पक्ष पद के लिए एक नाम का ऐलान किया गया।

पार्टी की तरफ़ से महापौर पद के लिए नाम घोषित किये जाने के बाद नागपुर टुडे को प्रतिक्रिया देते हुए नंदा जिचकार ने शहर के विकास में योगदान देने के साथ मनपा में महिला प्रतिनिधियों की ताकत इस्तेमाल महिला शशक्तिकरण के लिए करने की बात कही।

Advertisement

उपमहापौर पद के लिए पार्टी उम्मीदवार दीपराज पार्डीकर ने पार्टी द्वारा मिली जिम्मेदारी को पार्टी द्वारा सामान्य कार्यकर्त्ता का सम्मान बताया। उन्होंने गड़करी -फड़णवीस के सपने को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए पार्टी द्वारा नियुक्त किये गए संदीप जाधव मनपा की राजनीति से काफ़ी समय से जुड़ें है। उन्होंने अपने कार्यकाल में शहर के बेहतर विकास और राजस्व में बढ़ोत्तरी पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

पार्टी की तरफ़ से मनपा के माध्यम से शहर की राजनीति में चाणक्य की भूमिका निभाने की जिम्मेदारी संदीप जोशी को सौपी गयी है। जोशी सक्रिय नगरसेवकों में से एक है और मनपा में पार्टी का चेहरा भी। उन्होंने शहर के विकास में योगदान देने का वादा किया।

पार्टी की तरफ़ से नियुक्ति होने के बाद नंदा जिचकार और दीपराज पार्डीकर ने अपना नामांकन भरा। आगामी पांच फ़रवरी को होने वाली मनपा की आम सभा में महापौर और उपमहापौर पद का चुनाव होगा। जबकि 6 फरवरी को शपथग्रहण मनपा मुख्यालय में होगा।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.