नागपुर टुडे – शादी के लिए जीवनसाथी तलाश रही प्रधान महालेखाकार कार्यालय की एक वरिष्ठ महिला लेखापरीक्षक को कथित तौर पर फर्जी आर्मी मेजर बनकर ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपी ने डिफेंस मैट्रिमोनी साइट के जरिए महिला से संपर्क बढ़ाया और खुद को भारतीय सेना में राष्ट्रीय राइफल्स का मेजर बताकर उसका विश्वास हासिल किया। इसके बाद शादी का वादा करते हुए ट्रांसपोर्ट व्यवसाय शुरू करने के नाम पर महिला से 22 लाख 6 हजार 200 रुपये हासिल कर लिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने बातचीत करना बंद कर दिया।
पुलिस के अनुसार, नरेंद्रनगर निवासी नेहा शशि सिंह (41) प्रधान महालेखाकार ऑडिट-2 कार्यालय में वरिष्ठ लेखापरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2018 में उनका तलाक हो गया था। इसके बाद जुलाई 2022 में उन्होंने जीवनसाथी की तलाश में डिफेंस मैट्रिमोनी वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था।
इसी दौरान उनकी पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं तहसील के ग्राम हटवार निवासी मनदीप सुनील शर्मा (32) से हुई। आरोपी ने अपने मैट्रिमोनी प्रोफाइल में खुद को सेना का मेजर बताया था। बातचीत के दौरान उसने महिला को बताया कि वह जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात है। इतना ही नहीं, उसने सेना की वर्दी में अपने फोटो और वीडियो भी महिला को भेजे, जिससे उसका भरोसा और मजबूत हो गया।
शादी का वादा, फिर कारोबार का बहाना
पहचान बढ़ने के बाद आरोपी ने महिला से जल्द शादी करने की बात कही। उसने कथित तौर पर फरवरी 2023 में शादी करने का भरोसा भी दिलाया। इसी दौरान उसने महिला के सामने सेना की नौकरी छोड़कर ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय शुरू करने की योजना रखी और कारोबार के लिए आर्थिक मदद मांगी।
आरोपी की बातों और शादी के वादे पर भरोसा कर महिला ने उसे रकम उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने ऑफिस सोसायटी और बैंक से कर्ज लिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में नेट बैंकिंग और फोन-पे के माध्यम से आरोपी तथा उसके चचेरे भाई के बैंक खातों में कुल 22 लाख 6 हजार 200 रुपये ट्रांसफर किए।
रकम मिलते ही बदल गया रवैया
पैसे हासिल करने के बाद आरोपी के व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह महिला से बातचीत करने में टालमटोल करने लगा। जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने केवल 50 हजार रुपये लौटाए। इसके बाद उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
लगातार संपर्क करने के बावजूद आरोपी से कोई जवाब नहीं मिलने पर महिला को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने बेलतरोड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फर्जी पहचान की आड़ में ठगी का आरोप
शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने आरोपी मनदीप सुनील शर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 170, 406 और 420 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी ने वास्तव में सेना में नौकरी की थी या नहीं, मैट्रिमोनी प्रोफाइल में दी गई जानकारी कितनी सही थी तथा महिला से प्राप्त रकम का इस्तेमाल कहां किया गया, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




