
नागपुर टुडे – यशोधरानगर पुलिस के जांच दल ने घरफोड़ियों और वाहन चोरी की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन घरफोड़ियों तथा पांच वाहन चोरी के मामलों से संबंधित सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, सिगरेट और चोरी के चार दोपहिया वाहन सहित लाखों रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पियुष उर्फ गधा दिपक निमजे (20), निवासी नाईक तलाव, बांग्लादेश, नागपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, यशोधरानगर थाना क्षेत्र में लगातार घरफोड़ियों और वाहन चोरी की घटनाओं के बाद जांच दल आरोपी की तलाश में जुटा था। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने उसके करीबी संपर्कों पर नजर रखी थी। करीब तीन दिनों तक लगातार निगरानी के बाद जांच दल को आरोपी के संबंध में गुप्त सूचना मिली।
3 सितंबर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि पियुष निमजे पंचवटी नगर मैदान परिसर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शाम करीब 5.35 बजे उसे हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को टालमटोल जवाब देता रहा। हालांकि, थाने में गहन पूछताछ के दौरान उसने विभिन्न स्थानों पर घरफोड़ियों और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुंदनलाल गुप्ता नगर में घरफोड़ी, कांजी हाउस परिसर में घरफोड़ी तथा धम्मदीप नगर में शीतलामाता मंदिर के पास पानठेले में चोरी करने की बात कबूल की। इसके अलावा उसने धम्मदीप नगर से हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, कुंदनलाल गुप्ता नगर से पल्सर मोटरसाइकिल, हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के नवीन नेहरू नगर से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, पारडी थाना क्षेत्र से होंडा एक्टिवा तथा शांतिनगर थाना क्षेत्र से रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी करने की जानकारी पुलिस को दी।
आरोपी द्वारा बताए गए स्थानों पर पुलिस टीम पंचों के साथ पहुंची। इसके बाद उसकी निशानदेही पर ईंटाभट्टी चौक के पीछे से चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलें, चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान जब्त किया।
चोरी के माल में ये सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल कीमत करीब 90 हजार रुपये, हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल कीमत करीब एक लाख रुपये, होंडा एक्टिवा 6जी कीमत करीब 80 हजार रुपये तथा एक अन्य मोटरसाइकिल कीमत करीब 50 हजार रुपये बरामद की है।
इसके अलावा करीब 11 ग्राम की चांदी की चेन, चांदी की पायजेब, बच्चों का चांदी का कमरबंद तथा अलग-अलग मामलों से संबंधित नकदी बरामद की गई। एक प्रकरण में विभिन्न ब्रांड की सिगरेट के पैकेट भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में भी उसके खिलाफ करीब 20 मामले दर्ज हैं। वह कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध करता था। पूछताछ के दौरान उससे और भी वारदातों के उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाड के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में यशोधरानगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक युनूस चांद शेख, पुलिस उपनिरीक्षक नीलकंठ नन्नावरे, पुलिस हवलदार गणेश गुप्ता, रवि अहीर तथा पुलिसकर्मी अमोल भेंडकर, लक्ष्मण पडवाल, रितेश दूधें, अक्षय कुळसंगे और मंगेश गिरी शामिल रहे।




