Published On : Thu, Aug 27th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

मनसर ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की टक्कर, एक की मौत; एक गंभीर

Advertisement

मनसर ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की टक्कर, एक की मौत; एक गंभीर

नागपुर टुडे – नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 44 पर मनसर ओवरब्रिज पर बुधवार, 26 अगस्त की शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान आशीष सहानी (26) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल बाइक चालक शेषमणि निषाद (25) बताया गया है। दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 40 एए 4325 से नागपुर से जबलपुर मार्ग होते हुए बोर्डा गांव जा रहे थे।

बताया गया कि मनसर ओवरब्रिज पर पहुंचते ही पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठे आशीष सहानी उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक चला रहे शेषमणि निषाद को भी गंभीर चोटें आईं।

हादसे की जानकारी मिलते ही रामटेक पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस उपनिरीक्षक राजू गडपल्लीवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल को उपचार के लिए एनएचएआई की एंबुलेंस से उपजिला अस्पताल, रामटेक भेजा।

Advertisement

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। रामटेक पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.