
नागपुर: मानकापुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक 38 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि डांस क्लास जाने के लिए खाना बनाने से इनकार करने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के गले की हड्डी में फ्रैक्चर और आंत में गंभीर चोट सामने आने के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
घटना झिंगाबाई टाकली के साईनगर स्थित गोविंद सिटी की है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय यामिनी कृष्ण लाल यादव के रूप में हुई है। आरोपी पति 41 वर्षीय कृष्ण लाल यादव है। दंपति के दो बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन कृष्ण लाल काम से घर लौटा और उसने पत्नी से अपने तथा बच्चों के लिए खाना बनाने को कहा। उस समय यामिनी सोसाइटी में चल रही डांस क्लास में जाने की तैयारी कर रही थी। उसने खाना बनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कृष्ण लाल ने दोनों बच्चों के सामने यामिनी के गले और पेट पर हाथ से वार किए। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान यामिनी ने भी पति के साथ हाथापाई की थी। घटना के समय कृष्ण लाल के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है।
मारपीट के बाद यामिनी ने गले और पेट में दर्द की शिकायत की और पति से पेनकिलर लाने को कहा। कृष्ण लाल मेडिकल स्टोर गया, लेकिन दुकान बंद होने के कारण बिना दवा लिए वापस लौट आया।
इसके बाद यामिनी की तबीयत बिगड़ती चली गई। पेट में लगी अंदरूनी चोट के कारण उसकी आंत को गंभीर नुकसान पहुंचा और पेट फूलने लगा। हालत गंभीर होने पर कृष्ण लाल उसे मानकापुर स्थित मैक्स अस्पताल ले गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुरुआत में मानकापुर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यामिनी के गले की हड्डी में फ्रैक्चर और आंत में गंभीर चोट के कारण उसके फटने की बात सामने आई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पति कृष्ण लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने कथित मारपीट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
मामूली घरेलू विवाद से शुरू हुई यह घटना महिला की मौत और हत्या के मामले में बदल गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




