
नागपुर: नागपुर जिले के कळमेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के दहेगांव में गांजे की कथित अवैध खेती का मामला सामने आया है। सोमवार शाम एनडीपीएस पथक और कळमेश्वर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक खेत की मेड़ से गांजे के नौ पौधे बरामद किए। इस मामले में खेत में काम करने वाले मजदूर बबलू साहू, निवासी वलणी, को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, खेत की मेड़ पर गांजे के पांच फीट से अधिक ऊंचे पौधे उगाए गए थे। कार्रवाई के दौरान गांजे के पौधों के साथ गांजे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई।
पड़ोसी किसानों की सूचना पर कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोसी किसानों से खेत में गांजे के पौधे उगाए जाने की सूचना मिलने के बाद एनडीपीएस पथक और कळमेश्वर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खेत की मेड़ पर नौ पौधे पाए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इन पौधों को बबलू साहू द्वारा लगाए जाने की बात सामने आने की जानकारी है। आरोपी खेत में केयरटेकर के तौर पर काम करता था।
कॉलेज समूह के संचालक के खेत में खेती का मामला
बताया जा रहा है कि संबंधित खेत एक कॉलेज समूह के संचालक का है। हालांकि, खेत के मालिक की भूमिका या इस कथित अवैध खेती के बारे में उन्हें जानकारी थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एनडीपीएस पथक और कळमेश्वर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में एनडीपीएस पथक के एपीआई मेहकर, पीएसआई भीमटे, प्रकाश ढोके, अमोल नागरे और प्रवीण देव्हारे शामिल थे। कळमेश्वर पुलिस की ओर से पीएसआई डोईफोडे, पवन गायकवाड़ और अंकुश मुले ने कार्रवाई में भाग लिया।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



