Published On : Thu, Aug 27th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

हत्या की साजिश नाकाम, घातक हथियार के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नागपूर आरएसएसचा गड नाही तर संविधानाचा गड; आयसा अध्यक्षा नेहा बोरांचा सत्ताधाऱ्यांवर घणाघात

नागपुर: बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही कलमना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कथित हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी हत्या के इरादे से नागपुर पहुंचा था और उसके पास चाकू भी था। पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की।

हत्या के इरादे से नागपुर पहुंचा आरोपी

कलमना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद आरिफ उर्फ बंगाली और उसके साथी टीमेश्वर मुकेश साहू के रूप में हुई है। दोनों कलमना थाना क्षेत्र के हस्तिनापुर इलाके में रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले मोहम्मद आरिफ की पहचान जेल में वंश यादव नामक व्यक्ति से हुई थी। वंश यादव एनडीपीएस के एक मामले में जेल में बंद था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। दोनों जुलाई महीने में जेल से बाहर आए थे।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के चलते मोहम्मद आरिफ अमरावती चला गया था। वहां से उसने कथित तौर पर वंश यादव को फोन कर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, वंश यादव ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरिफ कथित तौर पर उसकी हत्या करने के इरादे से नागपुर पहुंचा।

पुलिस से भी की हाथापाई

इसी दौरान ईद की रैली के मद्देनजर बाजपेई नगर इलाके में पुलिस का बंदोबस्त तैनात था। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरिफ नागपुर पहुंच चुका है। पुलिस टीम ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

आरोप है कि आरिफ ने एक पुलिस अधिकारी की उंगली पकड़कर मरोड़ दी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की। हालांकि, पुलिस ने मौके पर ही आरिफ और उसके साथी टीमेश्वर साहू को दबोच लिया।

आरोपी के पास से चाकू बरामद

तलाशी के दौरान मोहम्मद आरिफ के पास से चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने अवैध हथियार रखने और सरकारी काम में बाधा डालने समेत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

इसके अलावा, 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में कपिल नगर पुलिस थाने में अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

आरिफ के खिलाफ 39 से ज्यादा मामले

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद आरिफ उर्फ बंगाली के खिलाफ पहले से ही 39 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और इस कथित हत्या की साजिश में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक कथित हत्या की साजिश को अंजाम तक पहुंचने से रोक दिया गया। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.