Published On : Mon, Dec 23rd, 2019

जामसावली मंदिर ट्रस्ट कमेटी ने दानदाताओं का किया सत्कार

Advertisement

सौंसर: चमत्कारिक हनुमान मंदिर जामसांवली के लिए जिन श्रद्धालुओं ने विगत लंबे समय से अपनी श्रद्धा और आस्था दर्शाते हुए दान किया है, ऐसे दानदाताओं का सत्कार समारोह के तहत जामसावली मंदिर ट्रस्ट कमेटी के द्वारा रविवार को शाल, श्रीफल एवं श्री मूर्ति के प्रतीक चित्र को भेंट करते हुए सत्कार किया गया।

सत्कार समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर क्षेत्र के विधायक विजय चौरे, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी ओमप्रकाश सनोडिया, तहसीलदार डॉ. अजय भूषण शुक्ला, मंदिर ट्रस्ट कमेटी के कोषाध्यक्ष देवराव पातुरकर सहित वरिष्ठ गणमान्य मंचासीन थे।

सत्कार समारोह में जामसावली मंदिर निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर लंबे समय से जिन दानदाताओं के द्वारा पुनीत कार्य में हाथ बढ़ाते हुए सहयोग प्रदान किया गया, ऐसे दानदाताओं का सत्कार एवं अभिनंदन मंच से किया गया। समारोह का संचालन मंदिर ट्रस्ट कमेटी के कोषाध्यक्ष देवराव पातुरकर के द्वारा किया गया।

दानदाताओं ने रखे अपने विचार
सत्कार समारोह के दौरान नागपुर क्षेत्र एवं दूर-दराज के श्रद्धालु हनुमान भक्तों के द्वारा अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां आने से चमत्कार घटित होते हैं, दुख, सुख में बदलता है। यहां से चमत्कार भी हमें देखने को मिले हैं। श्री मूर्ति के दर्शन करने के पश्चात आस्था और श्रद्धा के चलते संकटमोचन के द्वारा सारी समस्याओं का समाधान कर खुशी और आनंद के दिन देखे गए, यह चमत्कार ही है। कुछ दानदाताओं के द्वारा अपने जीवन में घटित चमत्कार ऊके वृतांत भी सुनाएं।

Advertisement

विधायक चौरे ने दिया संबोधन
समारोह में उपस्थित विधायक विजय चौरे ने कहा कि चमत्कारिक हनुमान मंदिर के लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर उनका गृहग्राम निवास भी है, चमत्कारिक हनुमान मंदिर के प्रति आस्था और श्रद्धा के चलते श्री हनुमानजी के आशीर्वाद से चौरे परिवार के 4 सदस्य विधायक बने, यह श्री मूर्ति के आशीर्वाद और चमत्कार का ही नतीजा है। आगे कहा कि मंदिर के विकास हेतु मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और मैं स्वयं प्रयासरत हूं। मंदिर भव्य और दिव्य बने इसके लिए पूरा प्रयास हो रहा है।

श्रद्धालु दानदाताओं ने दिए सुझाव
समारोह में उपस्थित दानदाताओं ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि जामसावली हनुमान मंदिर ट्रस्ट कमेटी को चैरिटेबल एक्ट के तहत लिया जाए तो इनकम टैक्स में दानदाताओं को छूट मिल सकती है, साथ ही कहा कि दानदाताओं के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध की जाए। इस बात पर श्री पातुरकर ने बताया कि चेरिटेबल ट्रस्ट के लिए अप्लाई की गई है, कार्य प्रोसेस में है।

जामसावली मंदिर के साथ क्षेत्र के छोटे-मोटे देव स्थानों पर भी बने सुविधाएं

बने पिकनिक स्पॉट
क्षेत्र के श्रद्धालु दानदाताओं ने कहा कि चमत्कारी हनुमान मंदिर के विकास कार्यों के साथ-साथ सुविधाओं को लेकर क्षेत्र के लगभग 30 से 40 किलोमीटर के आसपास की परिधि में जो छोटे-मोटे देवस्थल बने हुए हैं, उनका भी रखरखाव सुधार और सुविधाओं को लेकर पिकनिक स्पॉट भी बनाए जा सकते हैं। जिससे कि श्रद्धालु वहां आकर आस्था और श्रद्धा से जुड़ते हुए पिकनिक स्थल बनने से आवाजाही भी बनी रहेगी। विषय को लेकर प्रशासन की ओर ध्यान भी आकृष्ट किया गया।

हुआ महाप्रसादी का वितरण
दानदाताओं के सत्कार समारोह के पश्चात मंदिर के अन्नपूर्णा पाठशाला में महाप्रसादी का वितरण भी किया गया। जिसमें दूरदराज से आए दानदाताओं के द्वारा महाप्रसादी का ग्रहण किया गया।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.