नागपुर: Instagram पर चाकू दिखाकर लोगों को धमकाने वाले 19 वर्षीय युवक को क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेश उर्फ निक्या रितेश लिंगायत (19), निवासी बाबा बुद्ध नगर, वैशाली नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यूनिट-5 की टीम 10 अगस्त को फरार और रिकॉर्डधारी आरोपियों के साथ ही अवैध हथियार रखने वालों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को कुछ दिन पहले Instagram पर चाकू दिखाकर धमकाने वाले एक युवक की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान वह पवन बुद्ध विहार के पास चाकू के साथ पुलिस के हाथ लग गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पांचपावली थाने में भारतीय हथियार कानून और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी और जब्त चाकू को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पांचपावली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
क्राइम ब्रांच की टीम अब आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।




