Published On : Wed, Jul 13th, 2022
By Nagpur Today Nagpur News

भारत ने इंग्लैंड को दस विकेट से हराया

Advertisement

जसप्रीत बुमराह ने चटकाये छह विकेट, रोहित शर्मा 76 रन नाबाद

लंदन. जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए अपने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके छह विकेट जिसकी मदद से भारत (India) ने मंगलवार को पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड (England) को दस विकेट से हरा दिया। पिच पर घास को देखते हुए भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया और बुमराह की अगुवाई में भारतीय तेज गेंदबाजों ने इसे सही साबित करते हुए इंग्लैंड को 110 रन पर समेट दिया जो भारत के खिलाफ उसका न्यूनतम स्कोर था।

बुमराह ने 7.2 ओवर में 19 रन देकर छह विकेट लिये। वह इंग्लैंड में किसी वनडे मैच में पांच या अधिक विकेट लेने वाले भारत के पहले तेज गेंदबाज बन गए। जवाब में कप्तान रोहित शर्मा ने 58 गेंद में नाबाद 76 और शिखर धवन ने 54 गेंद में नाबाद 31 रन बनाकर भारत को 18 . 4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाये जीत दिला दी। धवन को लय में आने में समय लगा लेकिन रोहित ने दर्शनीय शॉट्स खेलकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने क्रिस ओवर्टन को बेहतरीन छक्का और चौका लगाया।

शुरूआती 17 गेंदों में सिर्फ दो रन बना सके धवन ने रीस टॉपले को लगातार दो चौके लगाये। इस बीच रोहित ने ब्राइडन चेस को अपनी पारी का तीसरा छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने चेस को अपनी पारी का पांचवां छक्का भी जड़ा जबकि धवन ने विजयी चौका लगाया। इससे पहले गेंद बढिया स्विंग और सीम ले रही थी जिससे बुमराह और मोहम्मद शमी और खतरनाक नजर आये। शमी ने सात ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिये। जैसन रॉय (0) ने बुमराह की बाहर जाती गेंद से छेड़खानी के प्रयास में अपना विकेट गंवाया। दो गेंद बाद फॉर्म में चल रहे जो रूट (0) एक और इनस्विंगर गेंद का इंतजार कर रहे थे लेकिन बुमराह की गेंद आफ स्टम्प के बाहर से उछलती हुई आई और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने आसान कैच लपका। दूसरे छोर से शमी ने बेन स्टोक्स को खाता भी नहीं खोलने दिया। पंत ने एक हाथ से उनका दर्शनीय कैच लपका।

Advertisement

पंत ने जॉनी बेयरस्टॉ का भी कैच इसी अंदाज में लपका जो सात रन बनाकर बुमराह का तीसरा शिकार हुए। बुमराह ने जल्दी ही इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 26 रन कर दिया जब लियाम लिविंगस्टान (0) पवेलियन लौटे। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने 32 गेंद में सर्वाधिक 30 रन बनाये लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। शमी ने शॉर्ट गेंद डालकर बटलर को खराब शॉट खेलने पर मजबूर किया जो डीप स्क्वेयर लेग में कैच देकर लौटे।इस समय इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 59 रन था। डेविड विली (26 गेंद में 21 रन) और ब्राइसन कार्स (26 गेंद में 15 रन) ने नौवे विकेट के लिये 35 रन जोड़कर इंग्लैंड को सौ रन के भीतर सिमटने से बचाया। इंग्लैंड का न्यूनतम स्कोर 86 रन है जो 2001 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। बुमराह ने कार्स को आउट करके अपने वनडे कैरियर में दूसरी बार पारी के पांच विकेट पूरे किये। (एजेंसी)

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.