
वर्धा: जिले के हिंगणघाट में पुलिस ने अवैध गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22 गोवंश समेत कुल 16.40 लाख रुपये का माल जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, हिंगणघाट पुलिस स्टेशन की टीम रात में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नागपुर की ओर से जाम मार्ग होते हुए हिंगणघाट की तरफ लाल रंग के आयशर ट्रक में गोवंश की अवैध तस्करी की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डी-मार्ट के सामने नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद नागपुर की दिशा से लाल रंग का आयशर ट्रक क्रमांक MH40-CT-7893 आता दिखाई दिया।
पुलिस ने चालक को हाथ देकर ट्रक रोकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने कुछ दूरी पर ही ट्रक रोक दिया और पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया।
ट्रक में मिले 22 गोवंश
पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 22 गोवंश ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। पुलिस के मुताबिक, सभी जानवरों को रस्सियों से बांधकर कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर सभी गोवंश को अपने कब्जे में लिया।
16.40 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए माल में 22 गोवंश की अनुमानित कीमत 4.40 लाख रुपये और आयशर ट्रक की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। इस तरह पुलिस ने कुल 16.40 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
फरार चालक के खिलाफ प्राणियों के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुशील कुमार नायक और पुलिस निरीक्षक अनिल राऊत के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण नगराळे, हवलदार प्रवीण बोधाने, किशोर गाड़ेवार, सिपाही स्वप्निल निकुरे, रोहित साठे और सैनिक सूरज चंदनखेड़े शामिल रहे।
मामले की आगे की जांच हिंगणघाट पुलिस कर रही है।
वर्धा से सतीश काळे की रिपोर्ट।



