
वर्धा: जिले के देवली की म्हाडा कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक मकान में फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, म्हाडा कॉलोनी में लेंडे सर के घर की पहली मंजिल पर दोपहर के समय अचानक फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट हो गया। इसके बाद घर में आग तेजी से फैल गई। आग की सूचना मिलते ही देवली नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दो गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आए
आग के दौरान घर में रखे दो गैस सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गए थे। स्थिति को देखते हुए अग्निशमन कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर दोनों सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते सिलेंडर बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
अग्निशमन दल ने घर में मौजूद बच्चों की किताबें और कॉपियां भी सुरक्षित बाहर निकालीं।
घरेलू सामान जलकर खाक
आग में घर में रखा टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग से मकान के अंदर काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, अग्निशमन दल की तत्परता से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया।
नगराध्यक्ष ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगराध्यक्ष किरण ठाकरे ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
बचाव एवं अग्निशमन अभियान में अभिषेक काले, अकील फारुकी, आसिफ शेख, अक्षय क्षीरसागर, मंगेश वानखेड़े और भारत फटिंग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्धा से सतीश काळे की रिपोर्ट।



