
नागपुर – खापरखेड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गांजे के साथ पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 464.850 ग्राम गांजा, मोबाइल फोन और Honda Activa बरामद की गई। जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जोन क्रमांक-6 के दस्ते को खापरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के संदिग्ध अवस्था में घूमने की जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने चणकापुर-शिल्लेवाड़ा बस्ती रोड स्थित गणेश मंदिर के सामने स्ट्रीट लाइट के नीचे संदिग्ध व्यक्ति की जांच की।
मौके पर आरोपी शैलेश रामलाल सूर्यवंशी (44), निवासी वार्ड नंबर-2, ओमनगर, चणकापुर, खापरखेड़ा काले रंग की Honda Activa क्रमांक MH-49-CE-5705 के साथ मिला। पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में हरे-काले रंग का, तेज गंध वाला वनस्पतिजन्य पदार्थ मिला। प्रथमदृष्टया यह पदार्थ गांजा पाया गया।
पुलिस ने बरामद पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया, जो पैकिंग एवं सील सामग्री सहित 464.850 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से POCO कंपनी का मोबाइल फोन तथा गांजा ले जाने में इस्तेमाल की जा रही Honda Activa भी जब्त की गई।
पूछताछ में सामने आया दूसरे व्यक्ति का नाम
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांजा अयुब छुट्टन सिद्दीकी (47), निवासी हनुमान मंदिर के पास, चणकापुर, खापरखेड़ा से प्राप्त करने की जानकारी दी। इस व्यक्ति की भूमिका और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
₹75 हजार का माल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में कुल करीब ₹75,000 का मुद्देमाल जब्त किया है। इसमें गांजा ₹5,000, POCO मोबाइल करीब ₹10,000 तथा Honda Activa की अनुमानित कीमत ₹60,000 बताई गई है।
इस मामले में खापरखेड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS Act, 1985 की धारा 8(ब), 20(b)(ii)(c) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गांजे के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।




